हाइवे पर दौड़ता टेंपो टायर बस्र्ट होने से पल्टा, 11 महिलाओं सहित 14 चोटिल, एक गंभीर
भीलवाड़ा/ जहाजपुर आजाद नेब। पंडेर थाना इलाके में शनिवार दोपहर टायर बस्र्ट होने के बाद असंतुलित होकर टेंपो पलट गया। टेंपो में सवार 11 महिलाओं सहित 14 लोग सवार थे। ये सभी चोटिल हो गये। एक गंभीर घायल सहित आठ लोगों को जिला अस्पताल भिजवा दिया। शेष का जहाजपुर व पंडेर अस्पताल में उपचार किया गया।
पंडेर थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया कि पंडेर व आसपास क्षेत्र के महिला-पुरुष शाहपुरा में खेतों में फसल कटाई करने जाते हैं। ये लोग शनिवार को शाहपुरा इलाके में सरसों की कटाई करने के बाद टेंपो से घर लौट रहे थे। शाहपुरा और पंडेर के बीच पेट्रोल पंप के नजदीक टायर बस्र्ट होने से टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। घायलों की मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पंडेर व जहाजपुर अस्पताल भिजवा दिया। हादसे में 11 महिलाओं सहित 14 लोग चोटिल हुये। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। इसके साथ ही आठ घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि इन घायलों में नंदू कहार, विमला कहार, सुलेखा, युवराज, शांति देवी, मानी देवी, दुर्गा कहार, नौरती कहार, सीतादेवी कहार आदि शामिल हैं।