टायर पर फायर कर 150 किलो डोडा चूरा जब्त, नाकाबंदी तोड़ भागे दोनों तस्कर दबोचे

Update: 2026-02-16 09:37 GMT

 कोटा। कोटा ग्रामीण पुलिस ने सोमवार सुबह सिमलिया थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 किलो डोडा चूरा बरामद किया। राष्ट्रीय राजमार्ग 27 कोटा बारां हाईवे पर सिमलिया टोल के पास नाकाबंदी के दौरान यह कार्रवाई की गई। सुबह करीब आठ बजे बारां की ओर से तेज रफ्तार लग्जरी कार आती दिखी। पुलिस को देखते ही चालक ने गति बढ़ा दी और नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश की। स्थिति भांपते ही पुलिस टीम ने तुरंत पीछा शुरू कर दिया। कुछ देर तक हाईवे पर अफरा तफरी का माहौल रहा।

टायर पर गोली चलाकर रोकी कार

भागती कार को रोकने के लिए पुलिस ने उसके टायर पर गोली चलाई। गोली लगते ही कार अनियंत्रित हो गई। पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। कार सवार बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।

पंजाब ले जाई जा रही थी नशे की खेप

तलाशी में कार से 150 किलो डोडा चूरा बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप बारां के रास्ते पंजाब ले जाई जा रही थी।

पुलिस ने दोनों तस्करों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से और कौन कौन जुड़े हैं।

Similar News