भीलवाड़ा में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा की तैयारियां तेज, 1500 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान

Update: 2026-04-01 17:08 GMT


​भीलवाड़ा (हलचल)। भीलवाड़ा में पहली बार 8 से 14 अप्रैल तक आजादनगर मेडिसिटी ग्राउंड पर प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारबिंद से होने वाली 'श्री शिव महापुराण कथा' को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए 11.50 लाख वर्ग फीट में फैले ग्राउंड के बड़े हिस्से में तीन विशालकाय वाटरप्रूफ डोम और पाइप पांडाल का निर्माण किया जा रहा है।


पुलिस अधीक्षक और विधायक ने लिया तैयारियों का जायजा

बुधवार को जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव और कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष व विधायक अशोक कोठारी ने कथा प्रांगण में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। पुलिस अधीक्षक यादव ने बताया कि कानून व्यवस्था और क्राउड मैनेजमेंट के लिए बाहर से 1500 अतिरिक्त पुलिसकर्मी बुलाए जा रहे हैं। पूरे पांडाल की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए वॉलंटियर्स की सेवाएं भी ली जाएंगी।

​नगर विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए निर्देश

विधायक अशोक कोठारी ने नगर विकास न्यास और नगर निगम के अधिकारियों को समन्वय बनाकर मार्ग सुधार, पेचवर्क, नाले ढकने और रोशनी के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कथा स्थल पर मेडिकल टीमें और एम्बुलेंस तैनात रहेंगी। साथ ही बिजली और पानी की सुचारू आपूर्ति के लिए डिस्कॉम एवं जलदाय विभाग को पाबंद किया गया है।

​बैठक में महंत बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान एएसपी पारस जैन, नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी, यूआईटी एसई संजय माथुर सहित आयोजन समिति के राधेश्याम सोमानी, सुनील जागेटिया, सत्येंद्र बिरला और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।गुरुवार सुबह श्रमदान से होगी कथा स्थल की सफाई

​श्री शिव महापुराण कथा प्रांगण में गुरुवार सुबह 7 से 8 बजे तक 'श्रमदान परम सेवा धर्म' के तहत सामूहिक सफाई अभियान चलाया जाएगा। संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में होने वाले इस श्रमदान में विधायक अशोक कोठारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाग लेंगे। आयोजन समिति ने सभी शिव भक्तों से इस सफाई अभियान में सहभागी बनने की अपील की है।

​भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:

समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)

विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129

संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा फोन: 7737741455.

Similar News

भ्रष्टाचार के 'खिलाड़ी' कॉन्स्टेबल पर एफआईआर: 10 हजार की घूस के लिए मोबाइल पर लिखा था 'रेट'