महाकाल के दरबार में अक्षय कुमार, टाइगर श्रॉफ और डिंपल कपाड़िया: फिल्म 'भूत बंगला' की सफलता के लिए मांगी दुआ

Update: 2026-04-01 09:25 GMT

 उज्जैन। बॉलीवुड के 'खिलाड़ी' अक्षय कुमार अपनी आगामी फिल्म 'भूत बंगला' की रिलीज से पहले आध्यात्मिक यात्रा पर मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन पहुंचे। अक्षय के साथ उनकी सास डिंपल कपाड़िया और अभिनेता टाइगर श्रॉफ ने भी विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल के दर्शन किए। तीनों फिल्मी हस्तियों ने पूरे श्रद्धा भाव के साथ भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना की और मंदिर की परंपरा के अनुसार नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना भी मांगी।

सफेद कुर्ता-पायजामा पहने अक्षय और टाइगर के साथ गुलाबी साड़ी में सजी डिंपल कपाड़िया मंदिर में आकर्षण का केंद्र बने रहे। मंत्रोच्चारण के बीच पूजा करने के बाद अक्षय ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे देश की खुशहाली और तरक्की के लिए प्रार्थना की है। गौरतलब है कि अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। अक्षय पहले भी कई बार महाकाल के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं और उनकी फिल्म 'ओह माई गॉड-2' की शूटिंग भी इसी मंदिर परिसर में हुई थी। सितारों की इस यात्रा को फिल्म की सफलता से जोड़कर देखा जा रहा है।

Similar News