1 अप्रैल से लागू हुए बड़े बदलाव:: भीलवाड़ा वासियों की जेब पर पड़ेगा सीधा असर, नया इनकम टैक्स एक्ट लागू
भीलवाड़ा। आज 1 अप्रैल से नया वित्त वर्ष 2026-27 शुरू होने के साथ ही देशभर में कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर भीलवाड़ा के आम आदमी की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। आज से नया इनकम टैक्स एक्ट लागू हो गया है, वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर से लेकर ट्रेन टिकट कैंसिलेशन और एटीएम से पैसे निकालने के नियमों में अहम बदलाव हुए हैं।
गैस और फ्यूल हुआ महंगा: 1 अप्रैल से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा हो गया है, हालांकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसके साथ ही ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने जेट फ्यूल (एटीएफ) की कीमत में 8.5 फीसदी की बढ़ोतरी की है। प्रीमियम पेट्रोल (XP100) और प्रीमियम डीजल (Xtra Green) के दामों में भी भारी उछाल आया है।
नया इनकम टैक्स एक्ट 2025 लागू: 1961 का इनकम टैक्स एक्ट अब इतिहास बन गया है और उसकी जगह इनकम टैक्स एक्ट 2025 ने ले ली है। सबसे बड़ी राहत यह है कि नई टैक्स व्यवस्था में 12 लाख रुपये तक की सालाना कमाई पर अब जीरो टैक्स देना होगा। नौकरीपेशा लोगों के लिए इस्तेमाल होने वाले फॉर्म 16 और 16A बंद कर दिए गए हैं और उनकी जगह नए फॉर्म 130 और 131 ने ले ली है। अब "असेसमेंट ईयर" और "प्रीवियस ईयर" जैसे शब्दों की जगह सिर्फ "टैक्स ईयर" का इस्तेमाल होगा।
सैलरी स्ट्रक्चर और एचआरए में बदलाव: नए लेबर कोड के तहत अब बेसिक सैलरी कुल सीटीसी का कम से कम 50 फीसदी होनी चाहिए। इससे पीएफ और ग्रेच्युटी तो बढ़ेगी लेकिन इन-हैंड सैलरी थोड़ी कम हो सकती है। इसके अलावा एचआरए क्लेम करने के लिए अब फॉर्म 124 में मकान मालिक की पूरी जानकारी देना अनिवार्य हो गया है। 50% एचआरए छूट का दायरा अब बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और अहमदाबाद तक बढ़ा दिया गया है।
पैन कार्ड और रेलवे टिकट के नए नियम: अब सिर्फ आधार कार्ड से पैन कार्ड नहीं बनेगा। जन्मतिथि के प्रमाण के तौर पर 10वीं की मार्कशीट या पासपोर्ट देना अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं, रेलवे ने टिकट कैंसिलेशन के नियम सख्त कर दिए हैं। अब ट्रेन छूटने से 8 घंटे पहले टिकट कैंसिल करने पर एक भी पैसा वापस नहीं मिलेगा (पहले यह समयसीमा 4 घंटे थी)।
एटीएम से निकासी पर बढ़ा चार्ज: एचडीएफसी बैंक अब यूपीआई एटीएम निकासी को भी फ्री लिमिट में गिनेगा और पांच से ज्यादा ट्रांजेक्शन होने पर हर बार 23 रुपये का चार्ज लगेगा। इसी तरह बंधन बैंक में भी फ्री ट्रांजेक्शन लिमिट के बाद 23 रुपये प्रति निकासी चार्ज देना होगा।
