लेडीज गेटअप में मंदिर में चोरी: नाइटी पहनकर आए शातिर चोर को पुलिस ने दबोचा
सीकर। जिले से चोरी का एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और जनता दोनों को हैरान कर दिया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के रामलीला मैदान स्थित प्राचीन काल भैरव मंदिर में चांदी के छत्र चोरी करने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ चोर का 'गेटअप' रहा, जो अपनी पहचान छुपाने के लिए पड़ोस में रहने वाली एक महिला की नाइट ड्रेस (नाइटी) पहनकर वारदात को अंजाम देने पहुंचा था।
घटना सोमवार रात की है, जब आरोपी राजकुमार उर्फ राजू ने मंदिर से करीब दो दर्जन चांदी के छत्रों पर हाथ साफ किया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी महिला की नाइटी पहने और हाथ में लोहे की सरिया लिए नजर आया। वह पहले मंदिर के बाहर बैठकर तसल्ली से बीड़ी पीता है और फिर ताला तोड़कर अंदर दाखिल होता है। थानाधिकारी सुनील कुमार जांगिड़ के नेतृत्व में टीम ने जब तफ्तीश शुरू की, तो रायजी का कुआं इलाके में एक मकान की डोरी पर सूख रही वही नाइटी पुलिस की नजर में आ गई। जांच में पता चला कि आरोपी ने चोरी से पहले पड़ोस के घर के बाहर से यह नाइटी चुराई थी ताकि पुलिस को गुमराह कर सके। पुलिस जब आरोपी के कमरे पर पहुंची, तो वह चैन की नींद सो रहा था। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के अनुसार राजकुमार एक आदतन अपराधी है और पहले भी कई वारदातों में शामिल रहा है।