छात्राओं से छेड़खानी , 2 आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में मारी गोली

Update: 2024-10-07 02:14 GMT

लखनऊ

दो दिन पहले स्कूल से घर लौट रहीं दो छात्राओं से छेड़खानी के दो आरोपी रविवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। देर रात दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। आरोपियों की पहचान धीरज पटेल और रितिक यादव के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, छेड़खानी के दोनों आरोपी धीरज पटेल पुत्र राधाकृष्ण और रितिक यादव पुत्र दीनानाथ निवासी बैकुंठपुर बंजरिया टोला, देवरिया बाइक से तरकुलवा क्षेत्र के सिरसिया गोठा की ओर जा रहे थे। रात करीब 11.30 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। धीरज के बाएं और रितिक के दाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस ने दोनों के पास दो तमंचे बरामद किए हैं। दोनों को मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया है। दोनों की स्थिति खतरे के बाहर बताई जा रही है।


बीते शुक्रवार को स्कूल से लौट रही दो छात्राओं से रास्ते में बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने छेड़खानी की थी। छात्राओं का अपहरण करने की भी कोशिश की लेकिन ग्रामीण पहुंचे तो भाग निकले थे। इस मामले में पुलिस ने देर रात ही एक संदिग्ध को दबोच लिया था, उसकी निशानदेही पर सभी आरोपियों की पहचान कर ली थी।

 

Similar News