सुभाषनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई; ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे की खाईवाली करते 2 आरोपी गिरफ्तार
भीलवाड़ा। जिले में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और सट्टा कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुभाषनगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने प्रतिबंधित एप्लीकेशन साइट्स के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट मैचों पर सट्टे की खाईवाली (बुकिंग) कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम का गठन
यह पूरी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के आदेशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय पारस मल जैन के नेतृत्व और पुलिस उप अधीक्षक वृत्त सदर माधव उपाध्याय के निकटतम सुपरविजन में संपन्न हुई। थानाधिकारी कैलाश कुमार विश्नोई के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह दबिश दी।
इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इनमें मुकेश कुमार खटीक 37 पुत्र बालू लाल खटीक, निवासी 32/140 गंगा चौक, खटीकों की गली सांगानेर, भीलवाड़ा,हाल रामदेवरी सांगानेर और नारायण वैष्णव पुत्र राधेश्याम वैष्णव, निवासी आजाद नगर, शामिल हैं।
प्रतिबंधित साइट्स और गूगल क्रोम का उपयोग, दो फोन, कार और नगदी बरामद
आरोपी अपने मोबाइल के माध्यम से Trubet9 और DIMOND EXCH99 जैसी प्रतिबंधित साइट्स और गूगल क्रोम का उपयोग कर 'दक्षिण अफ्रीका T20' और 'ऑस्ट्रेलिया NCL वुमन' क्रिकेट मैचों पर दांव लगवा रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 02 एंड्रायड मोबाइल फोन,एक हुंडई वेन्यू कार,5,000 रुपये नकद सट्टा राशि जब्त की है।
मुख्य बुकी भी नामजद
जांच में सामने आया कि आरोपी यूपीआई (UPI) के जरिए सट्टा राशि का लेनदेन कर रहे थे। आरोपी मुकेश खटीक ने गोविंद डीडवानिया पुत्र सीताराम, निवासी खटीक मोहल्ला, भीलवाड़ा से और नारायण वैष्णव ने रॉकी निवासी मध्य प्रदेश नामक बुकी से सट्टे की आईडी ली थी। पुलिस ने इन दोनों मुख्य प्रदाताओं को भी प्रकरण में नामजद किया है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी कैलाश कुमार विश्नोई सहित मदन लाल (उ.नि.), पृथ्वीराज (स.उ.नि.), और कांस्टेबल सुरेंद्र, बबलू, निहार, कैलाश व उगराराम शामिल रहे।
