राजस्थान में कमर्शियल सिलेंडर संकट पर बड़ी राहत: आज से 20 फीसदी कोटे के साथ शुरू होगी आपूर्ति
जयपुर। राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से जारी एलपीजी संकट के बीच भजनलाल सरकार ने राहत भरा कदम उठाया है। केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद आज से राज्य में 20 फीसदी कोटे के हिसाब से व्यवसायिक (कमर्शियल) सिलेंडरों की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। इस संबंध में खाद्य विभाग के प्रमुख सचिव अंबरीश कुमार ने शनिवार को ही प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
अस्पताल और शिक्षण संस्थानों को मिलेगा 100% कोटा
कलेक्टरों को लिखे पत्र में आपूर्ति की प्राथमिकता तय की गई है। नए आदेश के अनुसार, आवश्यक सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा गया है। अस्पताल, मेडिकल इंस्टीट्यूट, शैक्षणिक संस्थाएं, कोचिंग सेंटर, हॉस्टल, मैस, अन्नपूर्णा रसोई, सरकारी कैंटीन और सरकारी डेयरी के लिए 100 प्रतिशत कोटा निर्धारित किया गया है, ताकि इन जगहों पर कामकाज प्रभावित न हो।
होटल और रेस्टोरेंट्स के लिए विशेष व्यवस्था
खाद्य व नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने स्पष्ट किया है कि होटल और रेस्टोरेंट्स के लिए व्यवसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति तब की जाएगी जब उनके पास उपलब्धता का कोई अन्य विकल्प न हो। जिला स्तर पर 20 प्रतिशत कोटे के आधार पर वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिला कलेक्टर, जिला रसद अधिकारी (DS0) और गैस कंपनियों के अधिकारियों की एक विशेष कमेटी बनाई गई है।
बता दें कि प्रदेश में गैस की किल्लत के चलते कई शहरों में ब्लैक में सिलेंडर बिकने की खबरें सामने आ रही थीं, जिसके बाद सरकार ने वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए यह कोटा सिस्टम लागू किया है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
संपर्क कार्यालय: भीलवाड़ा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाड़ा। फोन: 7737741455
