कमर्शियल LPG सिलेंडर की सप्लाई फिर शुरू, लेकिन राजस्थान में अब भी अफरा-तफरी

Update: 2026-03-14 16:59 GMT

जयपुर /नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कमर्शियल LPG सिलेंडरों की सप्लाई पर लगी रोक को पांच दिन बाद हटा दिया है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कमर्शियल सिलेंडरों का वितरण फिर से शुरू कर दिया गया है। इससे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक संस्थानों को राहत मिलने की उम्मीद है।



सरकार ने 9 मार्च को कमर्शियल LPG सिलेंडरों की सप्लाई पर अस्थायी रोक लगाई थी। इसके पीछे मुख्य कारण कालाबाजारी और अवैध भंडारण की शिकायतें बताई गई थीं। मंत्रालय के अनुसार इस दौरान देशभर में बड़े स्तर पर छापेमारी की गई ताकि गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी पर रोक लगाई जा सके। सरकार ने साफ कहा है कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है और घरेलू LPG सिलेंडरों की सप्लाई सामान्य रूप से जारी रहेगी।

पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने बताया कि दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में इंडस्ट्रीज, होटल और रेस्टोरेंट को एक महीने के लिए नेचुरल गैस की जगह बायोमास से बने पेलेट्स के अस्थायी इस्तेमाल की मंजूरी दी गई है। इनमें खास तौर पर रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल यानी RDF पेलेट्स शामिल हैं।



वहीं राजस्थान में गैस सिलेंडरों की सप्लाई को लेकर शनिवार को भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाए। प्रदेश के कई जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी लाइनें देखने को मिलीं। कई ग्राहकों ने शिकायत की कि ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं हो पा रही है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है।

हालांकि गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि गैस की वास्तविक कमी नहीं है, बल्कि उपभोक्ताओं में अचानक पैनिक के कारण मांग तेजी से बढ़ गई है। इसी वजह से एजेंसियों पर भीड़ लग रही है।इस बीच अजमेर जिले के किशनगढ़ में गैस सिलेंडरों से भरा एक टेंपो पलट गया, जिससे आसपास के इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि किसी बड़े हादसे की खबर नहीं है।हनुमानगढ़ जिले के रावतसर उपखंड में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर मिल रही शिकायतों के समाधान के लिए प्रशासन ने कंट्रोल रूम बनाया है। इसमें सरकारी शिक्षकों की ड्यूटी लगाकर शिकायतों की निगरानी और समाधान की व्यवस्था की गई है।उधर गैस की किल्लत के कारण कई होटल और रेस्टोरेंट में कोयले, लकड़ी और इलेक्ट्रिक चूल्हों का इस्तेमाल बढ़ गया है। मांग बढ़ने के चलते इन विकल्पों की कीमतों में भी बढ़ोतरी और बाजार में कमी की बात सामने आ रही है।

भीलवाडा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए समाचार प्रेम कुमार गढवाल Email - bhilwarahalchal@gmail.com

व्हाट्सएप - 9829041455 विज्ञापन - विजय गढवाल 6377364129 सम्पर्क - भीलवाडा हलचल कलेक्ट्री रोड,नई शाम की सब्जी मंडी भीलवाडा

Similar News