भीलवाड़ा में वारदात,डीजे संचालक को अगवा कर मरणासन्न छोड़ा, पिस्टल दिखाकर सोने की चैन और नकदी लूटी
भीलवाड़ा पुनीत। जिले के बागोर थाना क्षेत्र में बीती रात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात को अंजाम दिया। मुंडन संस्कार के कार्यक्रम में जा रहे एक डीजे वाहन को रोककर करीब 15-20 हथियारबंद बदमाशों ने न केवल लूटपाट की, बल्कि मालिक का अपहरण कर उन्हें लोहे के सरियों और पाइपों से अधमरा कर दिया। कर्मचारी से भी मारपीट कर नकदी और गहने लूट लिए।
वारदात का खौफनाक मंजर
आमदला निवासी नारायण गुर्जर ने बताया कि रात करीब 12 बजे जब वह अजीतपुरा से चाखेड़ की ओर जा रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे शिवलाल, हरदेव, मंदरूप और उनके अन्य साथियों ने स्कॉर्पियो, स्विफ्ट और ईको गाड़ियों से रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने हथियारों के दम पर नारायण से 2 तोला सोने की चैन और नकदी लूट ली।
मालिक को बुलाकर किया अपहरण
हैरत की बात यह है कि लूटपाट से मन नहीं भरा तो बदमाशों ने नारायण के मालिक प्रकाश गुर्जर को मौके पर बुलवाया। जैसे ही प्रकाश वहां पहुंचे, बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और फिल्मी अंदाज में उन्हें गाड़ी में डालकर अपहरण कर ले गए।
बेमाली चौराहे पर तड़पता छोड़ भागे बदमाश
करीब दो घंटे तक चले इस मौत के खेल में बदमाशों ने प्रकाश गुर्जर के साथ बर्बरता की हदें पार कर दीं। पिस्टल दिखाकर उनकी सोने की चैन, कान की बालियां और 8,000 रुपये लूट लिए। लोहे के सरियों से वार कर प्रकाश का हाथ तोड़ दिया गया और सिर पर गंभीर चोटें आईं। जब बदमाश उन्हें मरा हुआ समझ बैठे, तो उन्हें बेमाली चौराहे पर फेंक कर फरार हो गए।
अस्पताल में जिंदगी की जंग
गंभीर रूप से घायल प्रकाश गुर्जर को लहूलुहान हालत में महात्मा गांधी अस्पताल, भीलवाड़ा में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। पीड़ित पक्ष ने बागोर थाने में नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
