खारी नदी पुलिया पर 'काल' बनकर दौड़ा ट्रेलर: रोडवेज बस के उड़े परखच्चे, चालक परिचालक सहित चार चोटिल,गैस कटर से काटनी पड़ी केबिन
भीलवाड़ा BHN| शाहपुरा-केकड़ी मेगा हाईवे (NH 12) शनिवार सुबह उस वक्त चीखों से गूंज उठा, जब खारी नदी की पुलिया पर एक बेकाबू ट्रेलर और राजस्थान रोडवेज की बस के बीच भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोडवेज बस की ड्राइवर साइड का हिस्सा लोहे के मलबे में तब्दील हो गया।
मौत को मात देकर निकला ड्राइवर
हादसा देख रहे लोगों की रूह तब कांप गई जब बस चालक मदनलाल केबिन के मलबे में बुरी तरह फंस गया। वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा था, जिसे करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत और गैस कटर की मदद से लोहे की चादरें काटकर सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि बस में सवार दर्जनों यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई, वरना आज सैकड़ों परिवारों में मातम पसर सकता था।
हादसे की असल वजह: खूनी गड्ढे या लापरवाही?
पुलिस की शुरुआती जांच ने सिस्टम की पोल खोल दी है। बताया जा रहा है कि जानलेवा गड्ढों की वजह से वाहन अनियंत्रित हुए और यह भीषण टक्कर हुई। सवाल यह उठता है कि आखिर प्रशासन इन गड्ढों को भरने के लिए किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार क्यों कर रहा था?
यह हुई चोटिल
चालक मदनलाल निवासी प्रान्हेड़ा, परिचालक जगदीश निवासी नथमलपुरा और यात्री शरीफन व अफसाना बानो: निवासी भदेसर।
पुलिस कार्रवाई और ग्रामीणों का जज्बा
हादसे के बाद ग्रामीणों ने मिसाल पेश करते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सूचना पर पहुँचे एएसआई प्रभु सिंह और उनकी टीम ने मोर्चा संभाला। थाना अधिकारी प्रोफेशनल आरपीएस भवानी सिंह शेखावत ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी घायलों को कादेड़ा अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
