सूने मकान से 20 लाख की बड़ी चोरी, 25 मिनट में वारदात को अंजाम देकर लुटेरे फरार
निम्बाहेड़ा। सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चित्तौड़गढ़-नीमच फोरलेन पर साकरिया ब्रिज के पास एक रिहायशी मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये की नगदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
मात्र 25 मिनट में खंगाला पूरा घर
जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी चतुर्भुज कुमावत सोमवार शाम करीब 5:00 बजे अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ मंदिर गए थे। उनकी पत्नी और बेटी पारिवारिक कार्य से मंदसौर गए हुए थे। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर चोरों ने घर में प्रवेश किया। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, आरोपी शाम 5:15 बजे घर में दाखिल हुए और महज 25 मिनट के भीतर यानी 5:40 बजे तक वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
12 लाख नगद और 8 लाख के जेवरात पार
चोरों ने घर के कमरों के ताले तोड़कर अलमारी को निशाना बनाया। पीड़ित परिवार के अनुसार, अलमारी में रखी 12 लाख रुपये की नगदी और लगभग 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए हैं। जब गृहस्वामी मंदिर से वापस लौटे, तो घर का सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए हैं, जिसमें दो संदिग्ध चोर वारदात करने के बाद जाते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं।