पश्चिमी क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का बड़ा एलान, अब 'फार्मर आईडी' बनेगी खेती का आधार

Update: 2026-04-07 10:39 GMT

 जयपुर। राजधानी जयपुर में मंगलवार को आयोजित 'पश्चिमी क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन 2026' में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के लिए क्रांतिकारी घोषणाएं कीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में खाद, बीज का वितरण और खेती से जुड़ी तमाम योजनाओं का लाभ 'फार्मर आईडी' (Farmer ID) के जरिए ही दिया जाएगा।

राजस्थान से होगी कृषि रोडमैप की शुरुआत

सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के हर राज्य का एक विशिष्ट कृषि रोडमैप तैयार किया जाएगा, जिसकी शुरुआत राजस्थान से होगी। उन्होंने राजस्थान की धरा को पवित्र बताते हुए कहा कि कृषि विकास के मामले में प्रदेश की सरकार अत्यंत गंभीर है।

रीजनल कॉन्फ्रेंस: पूरे देश में ऐसी 5 क्षेत्रीय कॉन्फ्रेस आयोजित की जाएंगी, जिनमें से पहली की मेजबानी राजस्थान को मिली है।

उपस्थिति: कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गोवा के कृषि मंत्री भी शामिल हुए।

खाद-बीज वितरण में पारदर्शिता: फार्मर आईडी अनिवार्य

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मिशन मोड में हर राज्य को 'फार्मर आईडी' का काम पूरा करना होगा। इसके माध्यम से ही खाद और बीज का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा ताकि बिचौलियों की भूमिका खत्म हो और सीधा लाभ किसान को मिले।

मिट्टी की सेहत: उन्होंने घटती उर्वरक क्षमता पर चिंता जताते हुए प्राकृतिक खेती और विविधीकरण (Diversification) पर जोर दिया।

फसल बीमा: मौसम की मार से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ हर पात्र किसान तक पहुँचाने की कोशिश की जाएगी।

सरकार के तीन मुख्य लक्ष्य: आत्मनिर्भरता पर जोर

केंद्रीय मंत्री ने कृषि विभाग के तीन प्रमुख लक्ष्यों को रेखांकित किया:

खाद्य सुरक्षा: 140 करोड़ भारतीयों के लिए पर्याप्त खाद्यान्न सुनिश्चित करना।

आत्मनिर्भरता: गेहूं-चावल में देश समृद्ध है, लेकिन दलहन और तिलहन के आयात को खत्म कर इनमें आत्मनिर्भर बनना अनिवार्य है।

आय में वृद्धि व पोषण: किसानों की आय दोगुनी करना और देश में पोषण सुरक्षा (Nutrition Security) के लिए 6 सूत्रीय रणनीति पर काम करना।

प्रदेश लिख रहा खुशहाली की इबारत: सीएम भजनलाल

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री मोदी के 'सक्त किसान, समृद्ध भारत' के विजन को धरातल पर उतारने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और बेहतर जल प्रबंधन के जरिए राजस्थान के किसानों की आय बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Similar News