लुहारिया में पुरानी रंजिश को लेकर फिर हमला, 3 चोटिल, 7 गिरफ्तार
भीलवाड़ा(बीएचएन)। भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र के लुहारिया गांव में गुरुवार को मुस्लिम समुदाय के दो पक्षों के बीच चली आ रही पुरानी रंजिश एक बार फिर झड़प में बदल गई। इस संघर्ष में तीन लोग चोटिल हुए है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पक्ष के सात लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
रास्ते में घेरा, मंदिर में छिपकर बचाई जान
मांडल थाने के सब इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह के अनुसार, लुहारिया निवासी अन्नु पत्नी अकरम ने मुस्लिम समुदाय के ही दूसरे पक्ष के 14 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीडि़ता ने रिपोर्ट में बताया कि उसके देवर और जेठ ईद की खरीदारी के लिए कपड़े लेने जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी पक्ष ने उनके वाहन का पीछा किया और बीच रास्ते में लाठियों व सरियों से लैस होकर उन्हें घेर लिया। हमलावरों से बचने के लिए पीडि़त पक्ष के लोग भागकर पास के एक मंदिर में जा छिपे और जैसे-तैसे अपनी जान बचाई।
घर पर पथराव और मारपीट से दहशत
आरोपियों का तांडव यहीं नहीं रुका। आरोपी पक्ष ने पीडि़ता के घर पर धावा बोल दिया। वहां पथराव किया गया और घर में मौजूद अकरम के साथ मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। गांव में इस घटना के बाद दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही मांडल थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुरानी रंजिश का मामला, 7 आरोपी सलाखों के पीछे
पुलिस जांच में सामने आया है कि इन दोनों पक्षों के बीच पिछले साल भी हिंसक झड़प हुई थी, जिसके मुकदमे थाने में पहले से दर्ज हैं। ताजा घटनाक्रम में पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए सात संदिग्धों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया है, जबकि अन्नु की रिपोर्ट पर 14 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार गश्त कर रही है।