15 लाख की अफीम के साथ पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार, फिल्मी स्टाइल में नाकाबंदी तोड़ भाग रही ब्रेजा को घेरा

Update: 2026-03-19 12:35 GMT

 भीलवाड़ा (हलचल)। जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगरोप थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-48 पर घेराबंदी कर पंजाब नंबर की एक ब्रेजा कार से 3 किलो 100 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।

आधी रात को नाकाबंदी तोड़ भागने का प्रयास

घटना गुरुवार तडक़े करीब 2.25 बजे की है। डीएसटी के कांस्टेबल रमेश कुमार को सूचना मिली कि चित्तौडग़ढ़ की ओर से एक सिल्वर कलर की ब्रेजा कार संदिग्ध माल लेकर भीलवाड़ा की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही मंगरोप थानाधिकारी विजय मीणा ने मय जाब्ता गुवारडी नाला के पास नाकाबंदी शुरू की।

जैसे ही संदिग्ध कार आती दिखी, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। लेकिन तस्करों ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और नाकाबंदी तोडक़र सर्विस रोड पर भागने लगे। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी का पीछा किया और मंडपिया स्टेशन अंडरब्रिज के पास घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।

पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार, कार में छिपा रखी थी अफीम

पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें से तीन पारदर्शी प्लास्टिक थैलियों में भरी 3 किलो 100 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कार को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों में हरपेन्द्र सिंह (42) पुत्र रघुवीर सिंह, निवासी रायकोट, जिला लुधियाना (पंजाब) और हरमनजोत (20) पुत्र स्व. दलजीत सिंह, निवासी कुतवा, जिला बरनाला (पंजाब) शामिल हैं।

इनकी रही विशेष भूमिका

इस सफल कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी कन्हैया लाल, मंगरोप थानाधिकारी विजय मीणा, सहायक उप निरीक्षक नारायण लाल, कांस्टेबल राकेश, धोलाराम और भगवान लाल शामिल रहे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहाँ से लाई गई थी और पंजाब में किसे सप्लाई की जानी थी।

Similar News

ईरान-खाड़ी युद्ध का भारत पर प्रहार:: 146 डॉलर पहुंचा क्रूड, पेट्रोल-डीजल ₹15 तक महंगे होने के आसार

बदनौर क्षेत्र में दर्दनाक हादसा:: नहर में उतरी कार, एक युवक की मौत, दूसरा बाल-बाल बचा