तालाब में तैरती कार से दो दोस्तों के शव बरामद, 39 दिनों से थे लापता

Update: 2026-02-16 09:34 GMT

 टोंक। राजस्थान के टोंक जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आवां कस्बे के रामसागर तालाब में सोमवार सुबह तैरती कार के अंदर दो युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों युवक पिछले 39 दिनों से लापता थे। लंबे समय तक पानी में डूबे रहने के कारण शवों की हालत बेहद खराब हो चुकी थी।

ग्रामीणों ने देखी तालाब में तैरती कार

घटना दूनी थाना क्षेत्र के रामसागर तालाब की है। सुबह कुछ ग्रामीणों ने तालाब में एक कार तैरती देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से कार को बाहर निकलवाया। कार के अंदर दो युवकों के शव मिले, जो पूरी तरह गल चुके थे। दृश्य इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग सिहर उठे।

कार नंबर से हुई पहचान

पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर परिजनों से संपर्क किया। बाद में शवों की पहचान रमेश पुत्र जगन्नाथ गुर्जर और महावीर पुत्र सेवा गुर्जर के रूप में हुई। दोनों बूंदी जिले के रेण गांव के निवासी थे।

8 जनवरी से थे लापता

देवली उप पुलिस अधीक्षक रामसिंह के अनुसार दोनों युवक 8 जनवरी से कार सहित लापता थे। परिजनों ने दबलाना थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुरुआती दिनों में पुलिस और परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अब 39 दिन बाद तालाब से कार और शव मिलने के बाद परिजनों की आखिरी उम्मीद भी टूट गई।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। यह दुर्घटना है या किसी साजिश का हिस्सा, इसकी पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। इस हृदयविदारक घटना से   बूंदी  में शोक की लहर दौड़ गई है।

Similar News