काले शीशे की वैन में छुपा था 400 लीटर पेट्रोल, गश्ती पुलिस की सतर्कता से खुला खेल

Update: 2026-02-13 15:11 GMT

बिना लाइसेंस और परमिट हो रहा था तेल का परिवहन, रसद विभाग ने लिए सैंपल

भीलवाड़ा। इलाके में गश्त कर रही पुलिस की सतर्कता से अवैध रूप से ले जाए जा रहे ४०० लीटर पेट्रोल का खुलासा हुआ। काले शीशों वाली एक संदिग्ध वैन को रोककर जांच की गई तो उसमें दो ड्रमों में भरा पेट्रोल मिला। तेल परिवहन का कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की।

आसींद थाना पुलिस के अनुसार एएसआई उमराव प्रसाद शुक्रवार को टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान एक काले शीशों वाली वैन नजर आई, जो अधिक वजन के कारण दबती हुई चल रही थी। शंका होने पर बराणा चौराहे पर वैन को रुकवाया गया।

जांच में सामने आया कि वैन में सवार चंपालाल गुर्जर दो ड्रम लेकर जा रहा था। प्रत्येक ड्रम में २००-२०० लीटर पेट्रोल जैसा तरल पदार्थ भरा हुआ था। पुलिस ने जब तेल के परिवहन और भंडारण से संबंधित लाइसेंस व परमिट मांगा तो वह प्रस्तुत नहीं कर पाया।

इसके बाद पुलिस वैन सहित दोनों ड्रमों को थाने ले गई और मामले की सूचना रसद विभाग को दी। मौके पर पहुंची रसद विभाग की टीम ने जांच कर सैंपल लिए और पेट्रोल को सुरक्षित रखने के लिए पेट्रोल पंप पर भिजवाया। लिए गए सैंपल को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा।

प्रारंभिक तौर पर यह मामला अवैध रूप से पेट्रोल परिवहन का माना जा रहा है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Similar News