जाली नोटों के खिलाफ पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: तीन गिरफ्तार, 51,500 के नकली नोट बरामद
झालावाड़। राजस्थान के झालावाड़ जिले में पुलिस ने जाली नोटों के काले कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया है। मनोहरथाना थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन शातिर तस्करों को दबोचकर उनके पास से 500-500 रुपये के 103 जाली नोट बरामद किए हैं।
भागने की कोशिश हुई नाकाम
झालावाड़ एसपी अमित कुमार के अनुसार, पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थानाधिकारी महेंद्र कुमार यादव की टीम दांगीपुरा जोड़ पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान अकलेरा रोड की तरफ से आ रहे एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क जाप्ते ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा।
असली जैसे दिखने वाले 103 जाली नोट
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 51,500 रुपये मूल्य के 500-500 के जाली नोट मिले। ये नोट इतनी सफाई से तैयार किए गए थे कि पहली नजर में असली प्रतीत होते थे। पुलिस ने जाली नोटों के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पकड़े गए तीनों आरोपी झालावाड़ जिले के ही रहने वाले हैं:
कमल सिंह (30): निवासी ताजपुरिया, थाना दांगीपुरा।
रामचरण उर्फ कालू (35): निवासी ताजपुरिया, थाना दांगीपुरा।
देव सिंह (30): निवासी खानपुरिया, थाना मनोहरथाना।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि इन जाली नोटों की छपाई कहाँ हो रही थी और इस गिरोह के तार कहाँ-कहाँ जुड़े हुए हैं।
