रायला में मिला शव अजमेर की मुमताज का,: कातिलों ने हत्या कर तालाब में फैंकी लाश, दहशत

By :  prem kumar
Update: 2024-09-13 14:49 GMT

 भीलवाड़ा। शाहपुरा जिले के लांबिया कला के नजदीक के पास नये तालाब में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात महिला की लाश तैरती मिली। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। रायला पुलिस ने महिला के शव की पहचान कर ली है। महिला अजमेर के गंज थाना इलाके की रहने वाली है। प्रथमदृष्टया महिला की गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव का तालाब में फैंके जाने की आशंका जताई जा रही है।

रायला पुलिस ने बताया कि लांबिया कला के सरपंच परमेश्वर पारीक से शुक्रवार सुबह तालाब में एक महिला की लाश पानी के ऊपर तैरने की सूचना मिली। सूचना पर एएसपी शाहपुरा चंचल मिश्रा, डीएसपी रमेश तिवारी व रायला थाना प्रभारी बच्छराज मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलवाया गया। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया। महिला के हाथ पर रमजान गुदा मिला। महिला का शव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया। उधर, सोशल मीडिया से मिली जानकारी के आधार पर मूलतया ब्यावर सदर थाने के गोवलिया पंचनाडी हाल अजमेर के गंज थाने के खरेखड़ी निवासी संपत काठात ने रायला पहुंच कर मृतका की पहचान अपनी पत्नी मुमताज 30 के रूप में कर ली। शव का पोस्टमार्टम शनिवार सुबह होगा।

गले पर मिले निशान

पुलिस व एफएसएल टीम ने शव का बारिकी से निरीक्षण किया तो महिला के गले पर निशान मिले। ऐसे में आशंका है कि मुमताज की हत्या गला घोंटकर की गई।

हत्या कहीं और करने के बाद शव फैंका

पुलिस का मानना है कि मुमताज की हत्या कातिलों ने कहीं और की। इसके बाद उसका शव लांबियाकलां के नये तालाब पर ले जाया गया। जहां शव को तालाब में फैंक दिया गया। यह कत्ल गुरुवार रात को हुआ, ऐसी आशंका पुलिस ने जताई है।

मजदूरी पर पुष्कर जाने के लिए निकली

मुमताज अपने पति संपत काठात के साथ अपने पीहर खरेखड़ी में रह रही थी। वह मजदूरी करती थी। 11 सितंबर को सुबह मुमताज मजदूरी करने पुष्कर जाने के लिए निकली थी। इसके बाद वह लौटकर नहीं आई। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। 

Similar News