शहर में घुसा सियार,: महिला पर हमला, मचा हडक़ंप, लोगों ने बच्चों को घरों में किया कैद, शुरु हुआ सर्च ऑपरेशन

By :  prem kumar
Update: 2024-10-15 08:26 GMT

 भीलवाड़ा संपत माली। शहर के एक के बाद एक जंगली जानवरों के प्रवेश से आमजन में दहशत का माहौल है। ताजा मामला शहर की संजय कॉलोनी से सामने आया है, जहां मंगलवार सुबह जंगल से रास्ता भटककर एक सियार सडक़ पर खुला घूमता नजर आया। इससे आमजन में हडक़ंप मच गया और लोगों ने सुरक्षा की दृष्टि से अपने बच्चों को घरों में कैद कर लिया है। इस बीच, सियार ने एक महिला को हमला कर घायल भी कर दिया। बता दें कि पिछले सप्ताह ही एक जंगली जानवर बिज्जु जिला एवं सेशन न्यायालय परिसर में घुस आया था, जो काफी तलाश के बावजूद वन विभाग की टीम की पकड़ में नहीं आया।

संजय कॉलोनी में दिखा सियार, अफरा-तफरी

शहर की संजय कॉलोनी स्थित विद्युत नगर बी सेक्टर स्थित एमबी धाबाई के मकान के बाहर यह सियार सुबह साढ़े छह बजे घूमता देखा गया। सियार आने की खबर कॉलोनी में आग की तरह फैल गई। लोगों ने सुरक्षा की दृष्टि से बच्चों को घरों में कैद कर लिया। इस दौरान सडक़ पर घूमते सियार को अपने मोबाइल में भी कैद कर लिया।

 अस्पताल परिसर में महिला पर हमला, उपचार के बाद मिली छुट्टी

तेजाजी चौक निवासी संतोष 45 पत्नी भानू शहर के एक निजी अस्पताल में काम करती है। यह सुबह छह बजे किसी काम से मातृ एवं शिशू चिकित्सालय के पास गई थी, जहां अचानक उस पर सियार ने हमला कर दिया। सियार ने संतोष के एक हाथ की अंगूली चबा डाली और हाथ पर भी पंजा मारा, जिससे वह लहूलुहान हो गई। हमले के बाद सियार भाग छूटा। वहीं संतोष को ट्रोमा सेंटर में भर्ती कर उपचार किया गया, जिसे बाद में छुट्टी दे दी गई। 

सर्च ऑपरेशन शुरु, नहीं चला पता

संजय कॉलोनी विद्युत नगर में सुबह साढ़े छह बजे जंगली सियार आने की सूचना वन विभाग और नगर निगम को दी गई। इसके बाद दोनों विभागों की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान शहर में शुरु किया गया। ये टीमें शहर की गली-गली घूमकर सियार की तलाश कर रही है, लेकिन फिल्हाल सियार का कहीं पता नहीं चल पाया।  

Similar News