शिकारियों ने किया नील गाय का शिकार: मांस ले गये, अवशेष मिले, लोगों में रोष

By :  prem kumar
Update: 2024-10-16 10:03 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। शाहपुरा जिले के बांसेड़ा गांव के जंगल में बुधवार सुबह एक नील गाय का कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई। गौ भक्तों में इस घटना से रोष व्याप्त हो गया। पुलिस का मानना है कि शिकारियों ने नील गाय का शिकार किया। शिकारी मांस ले गये और शरीर के बचे अवशेष को फैंक गये। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

फूलियाकलां थाना प्रभारी देवराज सिंह ने बीएचएन को बताया कि बांसेडा सरपंच गोपाल धाकड़ ने सूचना दी कि अज्ञात लोगों ने नील गाय को काटकर फैंका है। इस सूचना पर दीवान भारमल मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। जहां गौभक्तों के साथ ही ग्रामीण भी जुटे मिले। मौके पर नील गाय के पैर व सिर मिला, धड़ गायब था। पुलिस का मानना है कि अज्ञात शिकारियों ने नील गाय का शिकार किया। ये शिकारी मांस ले गये, जबकि सिर व पैर वहीं जंगल में फैंक गये। पुलिस ने वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलवा लिया। लोगों को पुलिस ने समझाइश कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही पोस्टमार्टम कराने के बाद नीलगाय के मिले अवशेष को दफना दिया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। साथ ही पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अगर कोई संदिग्ध वाहन और लोग नजर आये तो पुलिस को सूचना दें।  

Similar News