भीलवाड़ा रीको एरिया में भीषण तांडव:: कपड़ा व यार्न के दो गोदाम जलकर खाक, 6दमकलों ने पाया आग पर काबू, करोड़ों का माल खाक
भीलवाड़ा (बीएचएन)। औद्योगिक नगरी भीलवाड़ा के रीको एरिया थर्ड फेज में सोमवार शाम आग ने भारी तबाही मचाई। एक सिंथेटिक्स इकाई के दो बड़े गोदामों में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में उठते काले धुएं के गुबार और धधकती लपटों को देख औद्योगिक क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही नगर निगम सहित नामचीन कंपनियों की ६ दमकलें मौके पर पहुंचीं।
शाम साढ़े चार बजे शुरू हुआ विनाश का खेल
प्रताप नगर थाने के एएसआई विजय सिंह के अनुसार, सोमेश बंसल की 'एमडी क्रिएशन' नामक सिंथेटिक्स इकाई से सटे दो गोदामों में शाम करीब ४:३० बजे अज्ञात कारणों से आग भभक उठी। इन गोदामों में कपड़े की गांठें और यार्न (धागे) के बोरे ठसाठस भरे हुए थे, जिसके कारण आग ने कुछ ही मिनटों में रौद्र रूप ले लिया। दोनों ही गोदाम इस भीषण अग्निकांड में पूरी तरह जलकर तबाह हो गए हैं।
६ दमकलों की भारी मशक्कत, रात 8 बजे तक हुआ काबू
आग की भयावहता को देखते हुए नगर निगम के साथ-साथ जिंदल सॉ लिमिटेड, नितिन स्पीनर्स और संगम ग्रुप की दमकलों को भी मोर्चे पर लगाया गया। 6 दमकलों ने मिलकर चारों तरफ से पानी की बौछारें कीं। करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात 8 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, देर रात तक कूलिंग का काम जारी रहा ताकि आग दोबारा न भड़क उठे।
संचालक गुजरात में, नुकसान का आकलन बाकी
पुलिस ने बताया कि फैक्ट्री संचालक सोमेश बंसल फिलहाल गुजरात प्रवास पर हैं। उनके भीलवाड़ा लौटने के बाद ही आग लगने के कारणों और वास्तविक नुकसान का खुलासा हो पाएगा। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन गोदाम में रखा करोड़ों का माल खाक होने की आशंका जताई जा रही है।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
