चतरा में एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त: मरीज समेत सभी सात सवारों की मौत
रांची/चतरा। झारखंड के चतरा जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां सोमवार रात एक एयर एंबुलेंस अनियंत्रित होकर क्रैश हो गई। इस भीषण हादसे में विमान में सवार मरीज, मेडिकल स्टाफ और क्रू मेंबर्स सहित कुल सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लातेहार जिले के चंदवा निवासी संजय कुमार आग से गंभीर रूप से झुलस गए थे। उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के देवकमल अस्पताल से दिल्ली ले जाया जा रहा था। एयर एंबुलेंस ने शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी थी, लेकिन गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही चतरा के पास यह हादसे का शिकार हो गई।
प्रारंभिक सूचनाओं के मुताबिक, हादसे के वक्त विमान में मरीज के अलावा दो डॉक्टर, एक नर्स, दो पायलट और एक अटेंडेंट सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं। अंधेरा और दुर्गम इलाका होने के कारण बचाव कार्य में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
भीलवाड़ा हलचल न्यूज पोर्टल पर अपनी खबर देने के लिए संपर्क करें:
समाचार: प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)