गुंडागर्दी-: दिनदहाड़े कार सवार लोगों ने बाइक सवार युवक को रोका, मारपीट कर दिखाई तलवार, दी हाथ-पैर काट देने की धमकी
भीलवाड़ा/ शक्करगढ़ सांवरिया सालवी। शहर हो, कस्बा या फिर गांव। चहूं और गुंडागर्दी बढ़ती जा रही है। इसी के चलते हर दिन हमले, मारपीट व चाकूबाजी की घटनायें लगातार सामने आ रही है। ऐसी ही एक और वारदात शक्करगढ़ से सामने आई है, जहां दिनदहाड़े कार से आये दो लोगों ने बाइक सवार को रोककर न केवल मारपीट की, बल्कि कार से तलवार निकाल कर युवक को धमकाया और हाथ-पैर काट देने की भी धमकी दी। इस घटना को लेकर पीडि़त ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। यह वारदात वहां लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, शक्करगढ़ निवासी गोपाल 35 पुत्र रामकिशन माली सात फरवरी को दोपहर साढ़े तीन बजे बाइक से अपने घर से रवाना होकर महाजन की दुकान पर उपज दिखाने जा रहा था। इस बीच, पुरुषोत्तम नकलक की दुकान के सामने वेगनआर कार से रामराज मीणा, मनोहर मीणा पुत्र चतरा मीणा निवासी झुण (लक्ष्मीपुरा) आये। इन्होंने आगे आकर गोपाल की बाइक को रुकवा लिया। मनोहर ने गाड़ी से उत्तरते ही गोपाल के हाथ पकड़ लिये और मारपीट शुरु कर दी। इस बीच, रामराज ने अपनी गाड़ी में रखी तलवार निकाल ली और गोपाल पर हमला करने का प्रयास किया। रामराज ने धमकी दी कि इसके हाथ पैर काट दो । वहां आसपास के लोग एकत्र हो गए। उनको देखकर आरोपी भाग गए। बाद में गोपाल ने शक्करगढ़ थाने पहुंच कर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच दीवान सियाराम के जिम्मे की है। बता दें कि यह वारदात आस-पास लगे सीसी टीवी कैमरे में भी कैद हो गई।