बिजयनगर ब्लैकमेल कांड को लेकर गुलाबपुरा रहा बंद,: आरोपितों को फांसी सहित अन्य मांगों को लेकर सीएम के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
भीलवाड़ा बीएचएन। ब्यावर जिले के बिजय नगर कस्बे के ब्लैकमेल कांड को लेकर भीलवाड़ा जिले में भी हिंदू समाज में रोष है। इसे लेकर आज सकल हिंदू समाज के आहृवान पर जिले का गुलाबपुरा कस्बा संपूर्ण बंद रहा। इस कांड के आरोपितों को फंासी की सजा दिलाने सहित अन्य मांगों को लेकर हिंदू समाज ने आज सीएम के नाम एसडीएम को ज्ञापन दिया। उधर, बंद के चलते आमजन को जरुरत की वस्तुयें नहीं मिल पाई। वहीं पुलिस व प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये।
गुलाबपुरा के सकल हिंदू समाज ने बिजयनगर ब्लैकमेल कांड को लेकर सोमवार को गुलाबपुरा बंद का आह्वान किया। इसी के चलते पूर्व नगर पालिका चैयरमेन धनराज गुर्जर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में हिंदू समाज हुरड़ा रोड पर सुबह दस बजे एकत्रित हुआ। वहां से रैली के रूप में ये लोग एसडीएम ऑफिस पहुंचे और मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन दिया।
पूर्व नगर पालिका चैयरमेन धनराज गुर्जर ने कहा कि बिजयनगर कांड को लेकर गुलाबपुरा कस्बा आज संपूर्ण बंद रहा। सकल हिंदू समाज की ओर से ज्ञापन दिया गया। हिंदू समाज ने प्रमुख रूप से मांग रखी कि पीडि़त परिवार व गवाहों को सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिये। दोषियों को फांसी की सजा मिले। इस कांड में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, उनकी गिरफ्तारी हो। यह केस फास्टट्रैक कोर्ट में चले और इसके लिए केस ऑफिसर नियुक्त हो और पीडि़त परिवार के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा मिलना चाहिये।