पुणे। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेश कलमाड़ी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे। कलमाड़ी को इलाज के लिए पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिवार के सूत्रों के अनुसार, उनकी तबीयत पिछले कुछ समय से लगातार खराब चल रही थी और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी था। निधन की खबर फैलते ही कांग्रेस पार्टी सहित राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
सुरेश कलमाड़ी कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में जिम्मेदारियां निभाईं और लंबे समय तक पुणे की राजनीति में प्रभावशाली भूमिका रही। उनके निधन पर कई वरिष्ठ नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पार्टी नेताओं ने कहा कि कलमाड़ी का जाना कांग्रेस के लिए एक बड़ी क्षति है। उनके योगदान और राजनीतिक जीवन को हमेशा याद किया जाएगा। अंतिम संस्कार की जानकारी परिवार द्वारा बाद में दी जाएगी।