महिला पर सामूहिक हमले की सनसनीखेज वारदात-: बाड़े में घेरकर जबरदस्ती की कोशिश, कुल्हाड़ी तलवार से हमला, पति सहित पांच घायल
भीलवाड़ा बीएचएन। जिले के फुलिया कलां थाना क्षेत्र के एक गांव में दिनदहाड़े महिला के साथ जबरदस्ती की कोशिश और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोपियों ने न सिर्फ महिला को निशाना बनाया, बल्कि बचाव में आए पति और ग्रामीणों पर भी कुल्हाड़ी व तलवार से हमला कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत के साथ रोष व्याप्त है।
बाड़े में घात लगाकर बैठे थे 6 से 8 आरोपी
पीडि़ता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 21 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2 बजे वह गायों को चारा पानी पिलाने बाड़े में गई थी। वहां पहले से ही लाल सिंह, खान सिंह, महावीर सिंह, शैतान सिंह, कमल सिंह सहित 6 से 8 लोग छुपकर बैठे हुए थे। आरोप है कि उसे अकेला पाकर जबरदस्ती करने की कोशिश की।
चीखने पर किया जानलेवा हमला
पीडि़ता के चिल्लाने पर जब उसका पति बचाव के लिए आया तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। रामप्रसाद के सिर में गंभीर चोट आई। इसके बाद अन्य लोग हीरालाल, भगवान, अशोक और दीपक बीच बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और लाठी धारदार हथियारों से मारपीट कर घायल कर दिया।
कुल्हाड़ी और तलवार से हमला, कई घायल
हमले में पीडि़ता, उसके पति सहित पांच लोग घायल हुए हैं। सभी को चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपियों ने गांव में दहशत फैलाने की कोशिश की। पीडि़त पक्ष का आरोप है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और पहले भी विवाद कर चुके हैं।
मुकदमा दर्ज, मेडिकल कराया गया
फुलिया कलां थाना पुलिस ने पीडि़ता की रिपोर्ट पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की अग्रिम जांच जारी है और आरोपियों की भूमिका की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल
दिनदहाड़े महिला के साथ इस तरह की घटना ने कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में आक्रोश है और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
