खेत में बकरी चरा रही महिला महिला की पांव काटकर हत्या, चांदी के कड़े लूटकर बदमाश फरार
सवाईमाधोपुर। जिले के बौंली क्षेत्र में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। कोडयाई गांव में खेत में बकरी चराने गई एक महिला पर अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिससे गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार महिला रोज की तरह खेत में बकरियां चरा रही थी, तभी बदमाश वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। लूट की नीयत से हमलावरों ने महिला के पैर पर गंभीर वार किए और उसके पहने हुए चांदी के कड़े उतारकर फरार हो गए। घटना की भयावहता से कुछ समय के लिए मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया और ग्रामीण सहमे नजर आए।
सूचना मिलने पर बौंली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है, हालांकि फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।