हाइवे पर बोलेरो और ट्रैवल्स बस की भिड़ंत, सांवरियाजी जा रहे नौ श्रद्धालु घायल
भीलवाड़ा बीएचएन। भीलवाड़ा बाइपास पर हजारीखेड़ा कट के पास मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। सांवरियाजी के दर्शन को जा रहे लोगों की बोलेरो आगे चल रही एक ट्रैवल्स बस से टकरा गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और बोलेरो में सवार नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुर थाने के सहायक उप निरीक्षक टीसी यादव ने बताया कि जयपुर और अजमेर जिले के गुर्जर परिवार के नौ सदस्य बोलेरो में सवार होकर सांवरियाजी के दर्शन के लिए निकले थे। जब वाहन भीलवाड़ा बाइपास पर हजारीखेड़ा कट के पास पहुंचा, उस समय आगे एक ट्रक चल रहा था। इसी दौरान राजदीप ट्रैवल्स की बस ने ट्रक को ओवरटेक किया और ट्रक पहली लेन में आ गया। बस हजारीखेड़ा कट से सिटी की ओर मुड़ी, तभी पीछे से आ रही बोलेरो उससे जा भिड़ी।
हादसे में बस और बोलेरो दोनों क्षतिग्रस्त हो गए। बोलेरो में बैठे नौ लोग घायल हो गए। घायलों में अजमेर जिले के रूपनगढ़ थाना क्षेत्र के छोटा नरैना निवासी किशन 50 पुत्र माधु गुर्जर, पूजा 16 पुत्री किशनलाल गुर्जर, रमन 10 पुत्र मक्खन गुर्जर, आरती पुत्री किशन गुर्जर, किशनगढ़ निवासी मधु 14 पुत्री हरजीराम गुर्जर, जयपुर जिले के नरैना निवासी दयाल 25 पुत्र हरकरण गुर्जर, रमेश 12 पुत्र हनुमान गुर्जर, नीमली नरैना निवासी कनिश 6 पुत्र दयाल गुर्जर और नीमली निवासी दुर्गा पत्नी दयाल गुर्जर शामिल हैं।
सूचना मिलते ही पुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाइवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।