अजमेर भीलवाड़ा हाइवे पर ट्रेलर से स्कॉर्पियो की टक्कर, दो पुलिसकर्मी सुरक्षित
भीलवाड़ा बीएचएन। अजमेर भीलवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार शाम एक ट्रेलर द्वारा स्कॉर्पियो को रगड़ लगने से अफरा तफरी मच गई। स्कॉर्पियो में सवार एएसआई और हैडकांस्टेबल हादसे में बाल बाल बच गए। घटना गुलाबपुरा थाना क्षेत्र के सरेडी गांव के पास की बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बांसवाड़ा जिला पुलिस में पदस्थ एएसआई और हैडकांस्टेबल अजमेर से भीलवाड़ा की ओर स्कॉर्पियो से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने वाहन को छूते हुए टक्कर मार दी। गनीमत रही कि वाहन असंतुलित होने के बावजूद पलटा नहीं और दोनों पुलिसकर्मियों को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही रायला पुलिस सक्रिय हुई और टोल नाके के पास ट्रेलर को रुकवाया गया। इससे पहले हाइवे के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर नाकाबंदी भी करवाई गई थी।
बताया जा रहा है कि इस मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों की ओर से कोई एफआईआर दर्ज नहीं करवाई गई है। पुलिस घटना की परिस्थितियों को लेकर जानकारी जुटा रही है।