भीलवाड़ा में स्पा सेंटर पर पुलिस की छापेमारी, जांच के बाद नहीं मिली कोई आपत्तिजनक गतिविधि

Update: 2026-02-03 07:15 GMT

 भीलवाड़ा बीएचएन। शहर में संचालित एक स्पा सेंटर पर सोमवार रात अवैध गतिविधियों की सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश दी। पुलिस टीम ने करीब एक से दो घंटे तक गहन जांच की, लेकिन मौके से किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि सामने नहीं आई। इसके बाद पुलिस को बिना किसी कार्रवाई के लौटना पड़ा।

कोतवाली क्षेत्र से जुड़े सूत्रों के अनुसार, थाना सर्किल इलाके में स्थित स्पा सेंटर को लेकर पुलिस को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी। इस पर आईपीएस प्रोबेशनर आयुष श्रोत्रिय, डीएसपी सिटी सज्जन सिंह, कोतवाली थानाधिकारी शिवराज गुर्जर तथा गांधीनगर थाना प्रभारी पुष्पा कासौटिया पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे।

छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर में चार युवतियां मौजूद पाई गईं, जो दार्जिलिंग सहित अन्य क्षेत्रों की बताई जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सेंटर का संचालन नेपाल की एक महिला द्वारा किया जा रहा है। हालांकि विस्तृत पूछताछ और जांच के बाद किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की पुष्टि नहीं हो सकी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई थी और जांच पूरी गंभीरता से की गई, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लगा है।

Similar News