क्या यह निवेश का सही समय है?: सोना-चांदी बाजार क्रैश: चार दिन में औंधे मुंह गिरे भाव, चांदी 1.80 लाख तो सोना 25 हजार रुपये सस्ता,
भीलवाड़ा (हलचल)। पिछले तीन महीनों से लगातार आसमान छू रहे सोने और चांदी के बाजार में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। दीपावली के बाद से लगातार एकतरफा तेजी देख रहे निवेशकों के लिए पिछला एक सप्ताह किसी झटके से कम नहीं रहा। महज चार दिनों के भीतर चांदी अपने ऊपरी स्तर 4 लाख 20 हजार रुपये प्रति किलो से गिरकर करीब 2 लाख 40 हजार रुपये पर आ गई है। इसी तरह सोने के भाव भी 1 लाख 75 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम से टूटकर 1 लाख 47 हजार रुपये से 1 लाख 50 हजार रुपये के स्तर पर पहुंच गए हैं। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यह एक बड़ा तकनीकी करेक्शन है जो बाजार की सेहत के लिए जरूरी था।
आंकड़ों पर नजर डालें तो चांदी की कीमतों में करीब 1 लाख 80 हजार रुपये यानी लगभग 43 फीसदी तक की भारी गिरावट आई है। वहीं सोने की कीमतों में भी करीब 25 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम यानी 14.3 फीसदी की कमी दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी कमोडिटी में जब एकतरफा लंबी तेजी आती है तो उसके बाद इस तरह का करेक्शन आना स्वाभाविक है। फिलहाल बाजार में यह करेक्शन का फेज चल रहा है जो पिछले चार दिनों से लगातार जारी है। विशेषज्ञों ने संकेत दिए हैं कि मार्च के बाद बाजार में एक नया साइकिल शुरू होगा जिसके बाद कीमतें फिर से नई ऊंचाइयों को छू सकती हैं।
बाजार विश्लेषकों ने मौजूदा स्थिति को देखते हुए निवेशकों को सलाह दी है कि फिलहाल वे सोने और चांदी की खरीदारी से दूरी बनाकर रखें क्योंकि कीमतों में स्थिरता आने में अभी थोड़ा समय लग सकता है। हालांकि लंबी अवधि के नजरिए से यह गिरावट नए निवेशकों के लिए एक अवसर भी हो सकती है। लेकिन शॉर्ट टर्म में बाजार में अभी और उतार चढ़ाव की संभावना बनी हुई है। मार्च महीने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुख और वैश्विक आर्थिक स्थितियों के आधार पर एक बार फिर बुलियन मार्केट में बड़ी तेजी की उम्मीद जताई जा रही है।
ताजा न्यूज़ के लिए बने रहें 'भीलवाड़ा हलचल' न्यूज़ पोर्टल के साथ। अपने क्षेत्र की खबर देने के लिए संपर्क करें
समाचार प्रेम कुमार गढवाल 9413376078 (Email: bhilwarahalchal@gmail.com, व्हाट्सएप: 9829041455)
विज्ञापन: विजय गढवाल 6377364129
सम्पर्क कार्यालय: भीलवाडा हलचल, कलेक्ट्री रोड, नई शाम की सब्जी मंडी, भीलवाडा
फोन: 7737741455
