अजमेर हाईवे पर मौत का तांडव-: ट्रेलर की टक्कर से दो युवकों की दर्दनाक मौत, लगा जाम

Update: 2026-02-06 11:42 GMT

 भीलवाड़ा BHN.भीलवाड़ा अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग एक बार फिर खून से लाल हो गया। कोठारी नदी की पुलिया पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ ही देर में उनकी सांसें थम गईं। हादसे के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई और लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। उधर, बताया गया है कि अचानक हाइवे पर गाय आ जाने के कारण यह हादसा हुआ।

सूचना मिलते ही मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराने में जुट गई। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उधर ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।

मांडल थाने के हैडकांस्टेबल शंकर लाल ने बताया कि दोनों युवक भीलवाड़ा से अजमेर की ओर जा रहे थे। पुलिया पर पीछे से आए ट्रेलर ने बाइक को कुचल दिया। हादसे की भयावहता ने आसपास मौजूद लोगों को दहला दिया।

पुलिस ने मृतकों के पास मिली आईडी और मोबाइल से उनकी शिनाख्त भिनाय थाना क्षेत्र के सदरबाजार गुढाकलां निवासी किशन सिंह पुत्र ओमसिंह सोढ़ा तथा एकलसिंगा भिनाय निवासी मोनू सिंह पुत्र समरथ सिंह के रूप में होने की बात कही  है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल दोनों शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Similar News