सर्किट हाउस के बाहर कोहराम:: मामूली भिड़ंत के बाद बस चालक पर हमला, ट्रेवल्स ऑफिस बंद कराने का प्रयास

Update: 2026-02-17 08:41 GMT

 साइड के विवाद में कार सवारों ने बरपाया कहर; संकरी सड़क बनी हादसों और विवाद का कारण

भीलवाड़ा (बीएचएन)। शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस के सामने मंगलवार को एक ट्रेवल्स बस और कार के बीच हुई मामूली भिड़ंत ने बड़े हिंसक विवाद का रूप ले लिया। हादसे के बाद आवेश में आए लोगों ने बस चालक की बेरहमी से धुनाई कर दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों ने ट्रेवल्स ऑफिस बंद कराने की कोशिश की।

बीच सड़क चालक को घेरा, सिर में आई चोट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सर्किट हाउस तिराहे पर साइड देने की बात को लेकर एक कार और ट्रेवल्स बस में रगड़ लग गई। इसके बाद कार सवार लोगों ने अपने साथियों के साथ मिलकर बस चालक कन्हैयालाल शर्मा (निवासी मालोला चौराहा) पर हमला बोल दिया। हमले में कन्हैयालाल के सिर पर गंभीर चोट आई है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। बीच-बचाव करने आए केवलराम और खलासी प्रदीप के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।

पुलिस की समझाइश से शांत हुआ माहौल

हंगामे की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने उग्र हो रहे लोगों को शांत किया और यातायात सुचारू करवाया। चालक पक्ष की ओर से जगदीशचंद्र टेलर (निवासी हमीरगढ़) ने मारपीट का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

संकरी सड़क दे रही हादसों को न्योता

स्थानीय निवासियों ने बताया कि सर्किट हाउस के सामने पाइपलाइन डालने का कार्य चलने के कारण सड़क काफी संकरी हो गई है। व्यस्त मार्ग होने और निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण यहाँ आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जो अब हिंसक झगड़ों में तब्दील होने लगी हैं।

Similar News