'योगी मॉडल': सोनू हाड़ा हत्याकांड के मास्टरमाइंड पर चला 'पीला पंजा', जमींदोज हुआ अवैध साम्राज्य!

Update: 2026-02-18 11:27 GMT

 बूंदी (हलचल)। राजस्थान के बूंदी जिले के चर्चित सोनू सिंह हाड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी अरमान मलिक उर्फ अरमान मोहम्मद के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार को कड़ा प्रहार किया है। डाबी के बुधपुरा स्थित आरोपी के अवैध मकान पर भारी पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में जेसीबी (बुलडोजर) चलाकर उसे मलबे में तब्दील कर दिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

तीन महीने पहले रची थी 'मौत की साजिश'

डाबी थाना प्रभारी हेमराज शर्मा के अनुसार, 4 अगस्त 2025 की रात को हुई इस नृशंस हत्या की जड़ें पुरानी रंजिश में दफन थीं। मुख्य आरोपी अरमान ने सोनू सिंह को रास्ते से हटाने के लिए कोटा के तीन सुपारी किलर्स (आकाश उर्फ गोल्डी, आशीष उर्फ आशु और अनिल मीणा) को एक लाख रुपये की सुपारी दी थी। वारदात से पहले 50 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे।

जन्मदिन का बहाना और चाकुओं का तांडव

हैरान कर देने वाला खुलासा यह हुआ कि अरमान ने सोनू को अपने जाल में फंसाने के लिए एक दोस्त की बर्थडे पार्टी का बहाना बनाया। साजिश के तहत कराड़ा के पराणा स्थित एक सुनसान स्टॉक यार्ड में तीनों शूटर पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही सोनू वहां पहुंचा, गोल्डी और आशु ने चाकुओं से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अंत में अरमान ने खुद सोनू के गले पर चाकू से गहरा वार कर उसकी जान ले ली और उसे लहूलुहान छोड़कर फरार हो गए।

अवैध निर्माण पर प्रहार

प्रशासन का कहना है कि आरोपी के पिता द्वारा निर्मित यह मकान पूरी तरह अवैध था। पूर्व में नोटिस देने के बावजूद निर्माण नहीं हटाया गया, जिसके बाद बुधवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम दिया। इलाके में तनाव को देखते हुए मौके पर भारी सुरक्षा बल तैनात रहा।

Similar News