ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी का खुलासा:: पुलिस ने तीन आरोपितों को किया गिरफ्तार, ट्रैक्टर बरामद, 5 और वारदातें कबूली

Update: 2026-02-19 09:03 GMT

 भीलवाड़ा (बीएचएन) । रायपुर थाना पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपितों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लेकर चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कर ली। आरोपितों ने रायपुर और रेलमगरा इलाके से पशु चोरी की पांच और वारदातें कबूल की है।

यह थी वारदात  

रायपुर निवासी रतन कुमावत के बाड़े से 31 दिसंबर 2025 को अज्ञात चोर ट्रैक्टर-ट्रॉली चुरा ले गए थे। इस संबंध में मामला दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी शिंभुदयाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच अधिकारी दीवान भवानी सिंह ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपित

हरीशंकर उर्फ हेमराज (28) पुत्र देवीलाल गाडरी, व रामेश्वर लाल उर्फ रमेश (32) पुत्र भैंरूलाल कुमावत, निवासी: ग्राम बैठुम्बी, थाना रेलमगरा (राजसमंद) और नाथूसिंह (38) पुत्र जगदीशसिंह रावणा राजपूत, निवासी: ग्राम मंडोल को पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार कर लिया।

ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद, 5 और वारदातें कबूली

जांच अधिकारी का कहना है कि आरोपितों की निशानदेही से चोरी की ट्रैक्टर-ट्रॉली आरोपितों के ठिकाने से बरामद कर ली। पुलिस पूछताछ में इन आरोपितों ने रेल मंगरा थाना इलाके से दो वारदातों के तहत 5 भैंसें, जबकि रायपुर थाना इलाके से 3 वारदातों में 37 बकरे और 2 भैंस चुराना कबूल किया है। इस कार्यवाही में दीवान भवानी सिंह के साथ कांस्टेबल सुभाष, मुकेश, विनोद, सांवर, मुकेश व प्रकाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Similar News