मौत की बस ने बाइक सवार को कुचला, उग्र भीड़ ने फूंकी बस, हाईवे बना छावनी

Update: 2026-04-04 12:45 GMT

जोधपुर। जोधपुर-जैसलमेर हाईवे पर लोरड़ी गांव के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे के बाद भयंकर बवाल मच गया। मौत बनकर दौड़ रही एक निजी बस ने एक बाइक सवार को इतनी बेरहमी से कुचला कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस खौफनाक हादसे के बाद सड़क खून से लाल हो गई और वहां मौजूद ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उग्र भीड़ ने पलक झपकते ही मौत बांटने वाली इस बस को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जलकर खाक हो गई और हाईवे पर भारी अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह बस जोधपुर से जैसलमेर के बीच हाल ही में शुरू की गई थी। हादसे के बाद भीड़ का आक्रोश इतना खौफनाक था कि बस को पूरी तरह राख कर दिया गया। चर्चा है कि इस रूट पर बसों के संचालन को लेकर पहले से ही विवाद सुलग रहा था, जिसने इस हादसे के बाद आग में घी का काम किया। बवाल की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालात बेकाबू होते देख तुरंत राजीव गांधी नगर, झंवर, बोरानाडा और लूणी थाने का भारी पुलिस जाब्ता मौके पर भेजा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रिजर्व पुलिस बल को भी तैनात कर पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। फिलहाल इलाके में भारी तनाव का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए उपद्रव और आगजनी करने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

Similar News