नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई- मकान से 87 किलो गांजा बरामद, 2 आरोपित गिरफ्तार

By :  prem kumar
Update: 2024-10-17 05:13 GMT

 भीलवाड़ा प्रेमकुमार गढ़वाल। जिले में चलाये जा रहे मादक पदार्थों की धरपकड़ अभियान के तहत पुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुये एक मकान से 87 किलो 320 ग्राम गांजा बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के आदेश व एएसपी पारसमल जैन के निर्देशन और डीएसपी सदर श्यामसुंदर विश्नौई के सुपरविजन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत पुलिस चौकस है। इस बीच, पुर थाने के एएसआई गोपाल लाल को मुखबिर से सूचना मिली कि कोटड़ी गांव में दो युवक संदिग्ध हालत में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जहां सूचना के मुताबिक दो युवक मिले। पूछताछ करने पर युवक हड़बड़ा गये। गहनता से पूछताछ करने पर उन्होंने खुद को भादू निवासी हिम्मतसिंह २६ पुत्र श्यामसिंह दरोगा व भगवानपुरा निवासी किशन २४ पुत्र भंवर सैन बताया।

दोनों ने कबूल किया कि वे गांजा लेकर आये हैं। गांजा उन्होंने कोटड़ी में मेजा रोड़ स्थित लक्ष्मणसिंह पुत्र देवीसिंह दरोगा के मकान में रखा है। यहां हिम्मत सिंह का ननिहाल है। ऐसे में एएसआई गोपाल लाल ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इस पर हमीरगढ़ थाना प्रभारी दिलीप सिंह को मकान की तलाशी के लिए भेजा गया। जाब्ते के साथ थाना प्रभारी सिंह ने मकान की तलाशी ली, जहां तीन कट्टों में गांजा मिला। पुलिस ने गांजा कब्जे में लेकर उसका वजन करवाया, जो 87 किलो 320 ग्राम पाया गया। पुलिस ने गांजा बरामद कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया। गांजा खरीद-फरोख्त के संबंध में आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में हमीरगढ़ थाना प्रभारी के साथ एएसआई गोपाल लाल, दीवान कन्हैयालाल, यशवीर सिंह, कांस्टेबल बनवारी, भारत सिंह, भूपेंद्र सिंह, कुलदीप आदि शामिल थे।

Similar News