भीलवाड़ा में सनसनी-: डॉक्टर से 90 लाख की फिरौती, संदिग्ध वीडियो वायरल करने की मिली धमकी!
भीलवाड़ा (प्रेमकुमार गढ़वाल)। शहर के पॉश इलाके आरसी व्यास कॉलोनी के एक प्रतिष्ठित चिकित्सक को ब्लैकमेल करने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। सुभाष नगर थाना पुलिस ने डॉक्टर की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रंगदारी, ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बदमाशों ने डॉक्टर से 10 मिनट में बर्बाद करने की धमकी देते हुए 90 लाख रुपये की भारी-भरकम डिमांड की है।
7 सेकंड का वीडियो और बर्बादी का अल्टीमेटम
आरसी व्यास कॉलोनी निवासी पीडि़त डॉ. अभिषेक पंवार (44) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि ब्लैकमेलिंग का यह खेल 9 दिसंबर 2025 से शुरू हुआ। सबसे पहले उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से कॉल और 7 सेकंड का एक संदिग्ध वीडियो आया। बदमाश ने ऑडियो मैसेज भेजकर सीधा हमला बोला- डिमांड भेज रहा हूं, समझ लेना। वरना नौकरी भी जाएगी और...!
आधी रात को धमकियां, अस्पताल स्टाफ पर शक
डॉक्टर ने बताया कि ब्लैकमेलिंग यहीं नहीं रुकी। 17 जनवरी 2026 की रात करीब 2:48 बजे दूसरे नंबर से धमकियों की बौछार शुरू हो गई। बदमाश ने एक न्यूज जैसा मैसेज बनाकर भेजा और कहा कि इसे वायरल करने में सिर्फ 10 मिनट लगेंगे। इसके बाद दोपहर में कॉल कर 90 लाख रुपये की मांग की गई। डॉक्टर ने आशंका जताई है कि इस पूरी साजिश में उनके ही निजी अस्पताल के कुछ कर्मचारी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने उनकी रेकी की या जानकारी लीक की।
पुलिस एक्शन- बीएनएस और आईटी एक्ट में केस दर्ज
सुभाष नगर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 308(2), 308(5), 61(2) और 67्र आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच थाना प्रभारी कैलाश कुमार विश्नोई कर रहे है। पुलिस अब उन मोबाइल नंबरों की सीडीआर खंगाल रही है जिनसे कॉल और मैसेज आए थे।