भीलवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्यवाही:: 1 किलो 43 ग्राम अफीम और 16 लाख रुपये की नकदी के साथ तस्कर गिरफ्तार
भीलवाड़ा, BHN.भीलवाड़ा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्कर के पास से 1 किलो 43 ग्राम अवैध अफीम और मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के लिए ले जाई जा रही 16 लाख रुपये की भारी नकदी जप्त की है।
रोडवेज बस स्टैंड से हुई गिरफ्तारी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मादक पदार्थ के साथ बस स्टैंड की तरफ आ रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने रोडवेज बस स्टैंड परिसर भीलवाड़ा में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान देराम राम चौधरी (69) बोहरा राम निवासी जाखड़ों की ढाणी, नारवा (जोधपुर) के पास एक बैग में अवैध अफीम और नकदी पाई गई।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के पास से बिना लाइसेंस/परमिट के परिवहन की जा रही अफीम और रकम जप्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है कि यह खेप कहाँ से लाई गई थी और किसे दी जानी थी।