दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, तीन युवकों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर घायल

Update: 2026-04-13 07:15 GMT

उदयपुर। जिले के फलासिया थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 58ई पर बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बिछीवाड़ा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा रात करीब 11:30 बजे का बताया जा रहा है।

तेज रफ्तार बनी काल, उछलकर दूर जा गिरे युवक

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टक्कर के बाद बाइक सवार युवक उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरे। सूचना मिलने पर फलासिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई चंदूलाल ने बताया कि मृतकों की पहचान अनिल कटारा, अक्षय अंगारी और यशवंत हिमात के रूप में हुई है। वहीं मोहित अंगारी गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

सामाजिक कार्यक्रम से लौट रहे थे युवक

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक अक्षय, अनिल और मोहित एक ही बाइक पर सवार होकर ओडा गांव में एक सामाजिक कार्यक्रम से अपने घर बस्सी लौट रहे थे। वहीं दूसरी ओर से बोरिया निवासी यशवंत अपनी बाइक पर उदयपुर की तरफ आ रहा था। यशवंत उदयपुर के एक होटल में कुक का काम करता था, जबकि अन्य युवक मजदूरी करते थे।

परिजनों में मचा कोहराम

पुलिस ने सोमवार सुबह मृतकों के परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने के बाद झाड़ोल सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। अंदेशा जताया जा रहा है कि रात के अंधेरे में तेज लाइट आंखों पर पड़ने के कारण संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Tags:    

Similar News