बीकानेर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी: 14 IED और साइनाइड गैस के इस्तेमाल का अलर्ट
बीकानेर। बीकानेर शहर के अदालत परिसर में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की ई-मेल मिली। रविवार रात मिली इस धमकी में सोमवार दोपहर 1:15 बजे 14 IED बमों के जरिए धमाका करने की चेतावनी दी गई थी। ई-मेल में साइनाइड गैस के इस्तेमाल की बात भी कही गई, जिससे सुरक्षा एजेंसियों के हाथ-पांव फूल गए।
सुरक्षा घेरे में न्यायालय, सघन सर्च ऑपरेशन
धमकी की जानकारी मिलते ही सोमवार सुबह पुलिस और प्रशासन ने एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया। भारी पुलिस जाब्ता तैनात कर परिसर की घेराबंदी की गई और डॉग स्क्वायड व बम निरोधक दस्ते की मदद से चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। एक महीने के भीतर बीकानेर और लूणकरनसर कोर्ट को मिली यह दूसरी धमकी है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
धमकी भरे ई-मेल के पीछे राजनीतिक और आपराधिक मांगें
प्रेषक ने ई-मेल में तमिलनाडु की राजनीति और पुलिस कार्रवाई का हवाला दिया है। संदेश में लिखा गया कि "मौत की सजा पाने वाले पुलिसकर्मी बेकसूर थे, असली दोषी वे राजनीतिक आका हैं जिनके इशारे पर कस्टोडियल यातनाएं दी जाती हैं।" धमकी देने वाले ने मैथ्यू वैनडाइक और जाफर सादिक (DMK) की रिहाई की मांग की है। मांगे पूरी न होने पर तबाही मचाने की चेतावनी दी गई है। फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से ई-मेल के आईपी एड्रेस को ट्रैक करने और शरारती तत्वों का पता लगाने में जुटी है।