कोटा। शहर के नयागांव इलाके में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां चलती बाइक में छिपे एक बेहद जहरीले सांप ने युवक पर हमला कर उसे शिकार बना लिया। इस अचानक हुए हमले से हड़कंप मच गया और घायल युवक को आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, योगेश नाम का युवक पेशे से इलेक्ट्रीशियन है और घटना के वक्त वह अपने दोस्त के साथ बाइक पर बिजली का सामान लेकर जा रहा था। उसे इस बात का जरा भी इल्म नहीं था कि बाइक की सीट के नीचे मौत कुंडली मारकर बैठी है। जैसे ही बाइक आगे बढ़ी, सीट के नीचे छिपे जहरीले सांप ने अचानक योगेश की उंगली और कमर पर दो जगह काट लिया। शरीर में तेज जलन और असहनीय दर्द होने पर योगेश ने तुरंत गाड़ी रोकी। जब उसने जांच की तो बाइक के भीतर सांप बैठा देख उसके होश उड़ गए। घबराहट की स्थिति में दोस्त उसे तुरंत अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों की टीम उसका उपचार कर रही है।
घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने कड़ी मशक्कत के बाद बाइक के पुर्जों में फंसे सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे आबादी से दूर जंगल में आजाद किया। गोविंद शर्मा ने बताया कि यह 'सॉ-स्केल्ड वाइपर' (फुरसा) प्रजाति का सांप था, जो आकार में भले ही छोटा हो, लेकिन स्वभाव से अत्यंत आक्रामक और घातक होता है। अक्सर यह सांप रात के अंधेरे में सक्रिय होते हैं और सुरक्षित ठौर की तलाश में वाहनों या झाड़ियों में छिप जाते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि खासकर रात के समय या लंबे समय से खड़े वाहनों को चलाने से पहले उन्हें अच्छी तरह जांच लें, ताकि ऐसे जानलेवा हादसों को टाला जा सके।