भीलवाड़ा (हलचल न्यूज़)। जिले के बनेड़ा थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी और दुखद खबर सामने आ रही है। सरदार नगर चौराहे पर सोमवार रात एक रेडीमेड गारमेंट की दुकान में लगी भीषण आग ने ऐसा तांडव मचाया कि देखते ही देखते व्यापारी की मेहनत की कमाई राख के ढेर में तब्दील हो गई।
20 मिनट में सब कुछ खत्म!
पीड़ित व्यापारी संपत कुमावत ने बताया कि उनकी 'प्रदीप टेलर' नाम से रेडीमेड गारमेंट की शॉप है। सोमवार रात करीब 8:40 बजे वे दुकान बढ़ाकर गांव के लिए निकले ही थे कि महज 20 मिनट बाद उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली। जब तक वे वापस पहुंचते, आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।
नुकसान : राख हुई मशीनें और कपड़े
आग इतनी भयानक थी कि दुकान के भीतर रखे कीमती जींस और शर्ट के ढेर,सिलाई और फिनिशिंग की मशीने, फर्नीचर सहित सब कुछ जलकर खाक हो गया। आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि दुकान की इमारत को भी भारी नुकसान पहुँचा है। पीड़ित ने लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
दहशत में इलाका, शॉर्ट सर्किट का शक
सूचना मिलते ही जिला मुख्यालय से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सब कुछ बर्बाद हो चुका था। प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस घटना के बाद से पूरे सरदार नगर चौराहे और आसपास के व्यापारियों में दहशत फैल गई।