रायला ओवरब्रिज पर मिली लाश: अज्ञात वाहन ने ली अधेड़ की जान, सड़क पर बिखरा मिला खून
भीलवाड़ा (हलचल)। भीलवाड़ा-अजमेर नेशनल हाईवे 48 पर बीती रात रफ्तार का कहर देखने को मिला। रायला ओवरब्रिज पर एक अज्ञात काल बने वाहन ने राहगीर को ऐसी टक्कर मारी कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया हैं।
सड़क पर पड़ी मिली लाश, सिर से बह रहा था खून
घटना की सूचना मिलते ही रायला थाने से मुकेश कुमार जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। मंजर बेहद खौफनाक था—करीब 45 वर्षीय व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में ओवरब्रिज पर पड़ा था। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण काफी खून बह चुका था। प्रथम दृष्टया यह हिट एंड रन का मामला है, जिसमें तेज रफ्तार वाहन ने शख्स को कुचल डाला।
शिनाख्त की चुनौती: कौन है यह जान गंवाने वाला
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन मृतक की पहचान का कोई दस्तावेज न मिलने के कारण अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।मृतक ने पैंट और टी-शर्ट पहनी हुई है। उसकी उम्र लगभग 45 वर्ष बताई गई है।
शव की पहचान के प्रयास में जुटी पुलिस
फिलहाल शव को रायला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस अब हाईवे पर लगे CCTV कैमरों को खंगाल रही है ताकि उस वाहन का सुराग लगाया जा सके जिसने एक इंसान को मौत की नींद सुला दिया।
पुलिस मृतक की पहचान के लिए सोशल मीडिया और अन्य थानों की मदद ले रही है।
