भीलवाड़ा पॉलिटेक्निक कॉलेज परीक्षा में फर्जीवाड़ा:: भाई को डमी कैंडिडेट बनाने वाला असली अभ्यर्थी अभिषेक गिरफ्तार
फिंगरप्रिंट और फोटो मिसमैच होने पर खुली थी पोल
भीलवाड़ा हलचल। शहर के भीमगंज थाना क्षेत्र में तिलक नगर स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित परीक्षा में फर्जीवाड़ा करने वाले मुख्य अभ्यर्थी अभिषेक लखारा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभिषेक पर आरोप है कि उसने अपनी जगह अपने भाई को डमी कैंडिडेट के रूप में परीक्षा देने भेजा था।
यह था मामला
मामले की जांच कर रहे भीमगंज थाने के सहायक उप निरीक्षक ओमप्रकाश नायक ने बताया कि यह मामला 22 जनवरी 2026 का है, जब कॉलेज में माइनिंग इंजीनियर के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी।
भिनाय थाना क्षेत्र के कीर मोहल्ला, बडली निवासी अभिषेक कुमार पुत्र गोपाल लखारा खुद परीक्षा में बैठने के बजाय अपने भाई रोहन को अपनी जगह भेज दिया।
ऐसे खुली थी रोहन की पोल
रोहन इसी कॉलेज का पूर्व छात्र रह चुका था, जिसे कॉलेज प्रबंधन ने तुरंत पहचान लिया। जब रिकॉर्ड से मिलान किया गया, तो न तो फोटो मैच हुआ और न ही फिंगरप्रिंट।
रोहन के बाद अब अभिषेक गिरफ्तार
घटना के समय ही कॉलेज प्रबंधन ने फर्जीवाड़ा पकड़ते हुए रोहन को पुलिस के हवाले कर दिया था और परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया था। डमी कैंडिडेट रोहन की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, लेकिन मास्टरमाइंड और मुख्य अभ्यर्थी अभिषेक फरार था, जिसे अब पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस अब आरोपी छात्र अभिषेक से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस साजिश में कोई और भी शामिल था या नहीं।
