भीषण हादसा: गुरुग्राम में निर्माणाधीन साइट पर मिट्टी ढहने से 7 श्रमिकों की मौत, कई घायल,भरतपुर के मजदूर

Update: 2026-03-09 18:11 GMT


गुरुग्राम/बिलासपुर | हरियाणा के गुरुग्राम जिले के बिलासपुर थाना अंतर्गत सिधरावली क्षेत्र में सोमवार शाम एक हृदयविदारक हादसा हो गया। यहाँ नेशनल हाईवे किनारे स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी की निर्माणाधीन साइट पर बेसमेंट की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी की ढांग ढह गई, जिसकी चपेट में आने से 7 श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में 4 से 5 अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए भिवाड़ी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सिधरावली में ओल्ड राव होटल के समीप सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी के पिछले हिस्से में पिछले कई दिनों से बेसमेंट की खुदाई का कार्य चल रहा था। सोमवार शाम करीब 25 से अधिक श्रमिक मौके पर काम कर रहे थे।

अचानक भरभराकर गिरी मिट्टी की दीवार

बताया जा रहा है कि शाम के समय जब श्रमिक बेसमेंट में खुदाई के दौरान मिट्टी हटा रहे थे, तभी अचानक पड़ोस की मिट्टी की दीवार भरभराकर नीचे गिर गई। हादसे के वक्त 15 से ज्यादा श्रमिक मलबे के नीचे दब गए, जबकि अन्य ने भागकर अपनी जान बचाई। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल तीन श्रमिकों को बाहर निकाला, लेकिन 12 श्रमिक अंदर ही फंसे रह गए।

अस्पताल में पसरा मातम, परिजनों का फूटा गुस्सा

​भिवाड़ी सरकारी अस्पताल के डॉ. सागर अरोड़ा ने बताया कि अस्पताल लाए गए 7 श्रमिकों की मौत हो चुकी है। एक श्रमिक की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में अभी भी कुछ और लोग दबे हो सकते हैं, जिसके चलते मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है।

​घटना के बाद अस्पताल और कार्यस्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन और बिल्डर प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए भारी रोष व्यक्त किया है। आरोप है कि हादसे के बाद परिजनों को साइट के अंदर जाने से रोका गया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

​मृतकों की पहचान और पुलिस कार्रवाई

​भिवाड़ी के एडिशनल एसपी अतुल साहू ने बताया कि मृतकों में से कुछ की पहचान हो चुकी है, जिनमें:

​परमेश्वर (52 वर्ष)

​सतीश (35 वर्ष), निवासी: जिला भरतपुर

​भागीरथ (50 वर्ष)

​मंगल (32 वर्ष) शामिल हैं।

​दो अन्य मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए राजस्थान पुलिस के साथ-साथ हरियाणा पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर मौजूद हैं, हालांकि हादसे के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।

Similar News

राजस्थान में पंचायतों की सियासत का बड़ा 'गेम चेंजर':: 31 साल पुरानी दो बच्चों की बाध्यता खत्म, अब कितने भी बच्चे हों... लड़ सकेंगे चुनाव!

भीलवाड़ा एडीजे कोर्ट का फैसला-: जमीन के विवाद में ली थी जान- राकेश गुर्जर को आजीवन कारावास

रायला ओवरब्रिज पर मिली लाश: अज्ञात वाहन ने ली अधेड़ की जान, सड़क पर बिखरा मिला खून