गौशाला की तारबंदी के दौरान खूनी संघर्ष, जेसीबी चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास, ग्रामीणों ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

Update: 2026-03-04 07:38 GMT

बड़लियास/भीलवाड़ा। जिले के बड़लियास थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम आमी पंचायत में कालिरहीया बालाजी गौशाला पर तारबंदी के दौरान दो पक्षों में भारी विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने योजनाबद्ध तरीके से हथियारों और जेसीबी के साथ हमला कर दिया, जिसमें कई ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मामले को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्रामीण पंचायत की सहमति से गौशाला परिसर में तारबंदी का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे दूसरे पक्ष के दर्जनों लोग लाठी-डंडे, धारदार हथियार और जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने तारबंदी कर रहे ग्रामीणों पर हमला कर दिया और उन पर जेसीबी चढ़ाने का प्रयास किया।

इस हमले में रीना ओड, मुकेश ओड, गोविन्द, देवेन्द्र, राजू जाट, अम्बा लाल, देवी लाल, गोपाल, मैक लाल बैरवा, गणपत ओड और राधेश्याम तेली सहित कई अन्य ग्रामीण घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल रीना ओड को प्राथमिक उपचार के बाद भीलवाड़ा अस्पताल रेफर किया गया है।

हथियारों से लैस होकर आए हमलावर, पहले भी हो चुकी है कोशिश

पीड़ित पक्ष ने शिकायत में बताया कि हमलावर बंदूक, तलवार और अन्य हथियारों से लैस थे। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी इस तरह के हमले की कोशिश की गई थी, जिसकी रिपोर्ट बड़लियास थाने में दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। आरोप यह भी है कि आरोपी बाहर से लोगों को बुलाकर ग्रामीणों को डराते-धमकाते हैं और उन्हें क्षेत्र छोड़ने के लिए मजबूर कर रहे हैं।

जेसीबी जब्त करने और गिरफ्तारी की मांग

घटनास्थल पर छोड़ी गई जेसीबी (नंबर RJ 06 EA 4598) के मालिक का नाम धर्मचंद खटीक बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और क्षेत्र में हो रहे अवैध अतिक्रमण व अनैतिक गतिविधियों पर लगाम कसी जाए।

Similar News

ईरान जंग: मुजतबा खामेनेई बने नए सुप्रीम लीडर,: अमेरिका-इजराइल के हमलों से ईरान में भारी तबाही

भीलवाड़ा-बिजोलिया बेल्ट में आज मचेगी रंगों की धूम: चंद्रग्रहण के साये में फीकी रही धुलंडी, इतिहास में पहली बार आधे से ज्यादा खुले रहे बाजार