उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है, जहाँ एक जांबाज पुलिस कॉन्स्टेबल की ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में मौत हो गई। ऋषभदेव थाना इलाके में नेशनल हाईवे-48 पर हुए इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। शहीद कॉन्स्टेबल की महज 20 दिन पहले ही शादी हुई थी।
वारंटी को पकड़ने जा रहे थे कॉन्स्टेबल
डीएसपी चांदमल सिंगारिया ने बताया कि सलूंबर जिले के सराड़ा थाने में तैनात कॉन्स्टेबल प्रवीण मीणा ऋषभदेव स्थित पीपली गांव में एक स्थायी वारंटी की तलाश में दबिश देने जा रहे थे। प्रवीण अपनी निजी कार से तीन अन्य लोगों के साथ निकले थे। रास्ते में राजस्थान स्पिनिंग विलिंग मिल (RSWM) के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई।
हादसे में एक अन्य कॉन्स्टेबल भी घायल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे घायलों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया। जहाँ डॉक्टरों ने कॉन्स्टेबल प्रवीण मीणा को मृत घोषित कर दिया। कार में सवार अन्य तीन लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है, जिनमें एक अन्य पुलिस कॉन्स्टेबल भी शामिल है। प्रवीण मूल रूप से ऋषभदेव क्षेत्र के भूधर गांव के रहने वाले थे।
महीने भर पहले ही गूंजी थी शहनाई
इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे और परिवार को झकझोर कर रख दिया है। प्रवीण की शादी पिछले महीने ही 10 फरवरी को हुई थी। घर में अभी शादी की खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ मातम में बदल दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा और कॉन्स्टेबल का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।